कस्बे के एसपी महिला महाविद्यालय में गुरुवार की दोपहर नए वर्ष के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने कहा कि दूसरों के दु:खों को दूर करने वाला ही सच्चा इंसान व समाजसेवी कहलाता है।
खुद के लिए जीना तो पशु प्रवृत्ति माना जाता है। कार्यक्रम में क्षेत्र के दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं, विधवाओं व विकलांगों को 200 कंबल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री ने प्रदेश शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से अपील की कि वह उनका लाभ उठाएं। पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं।
क्षेत्र के लोग श्रम विभाग में अपना रजिस्ट्रेशन कराकर इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। सपा के जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जितने विकास कार्य कन्नौज में कराए हैं, उतने दूसरी सरकारें कभी नहीं करा सकतीं।
कार्यक्रम को जिला महामंत्री संजय द्विवेदी, माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय सचिव श्रीकृष्ण यादव, सलोवा जिलाध्यक्ष इंद्रेश यादव, जिला उपाध्यक्ष शरद यादव, राधा कृष्ण सविता, शंभूदयाल मौर्या ने भी संबोधित किया।
इस दौरान शिक्षा राज्यमंत्री ने महाविद्यालय के प्रबंधक रामदास यादव की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी निजी धनराशि से क्षेत्र की 200 महिलाओं को इस सर्दी के मौसम में कंबल वितरित करके एक अच्छा कदम उठाया है।