शहर को बीएसएनएल 3जी सेवा की सौगात नए साल में
मिलेगी। इसके लिए एक्सचेंज में जरूरी उपकरण आ गए हैं। प्राइवेट मोबाइल
कंपनियां जहां 4जी सेवा देने की तैयारी कर रहीं हैं, वहीं बीएसएनएल अब 3जी
सेवा शुरू करने जा रहा है।
जूनियर टेलीकाम आफीसर योगेश नरायन ने बताया
कि 3जी सेवा चालू करने की जिम्मेदारी लखनऊ की कंपनी को दी गई है। इसके लिए
शहर में विशुनगढ़ रोड पर कोतवाली के पीछे लगा एक कंपनी का टावर किराए पर
लिया गया है, जबकि दूसरा सिस्टम टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में लगे टावर पर
फिट किया जाएगा।
इन दोनों टावरों से आठ-आठ सौ मीटर रेडियस दायरे में 3जी की
सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी। एसडीओ (मोबाइल) फर्रुखाबाद रोहित सचान ने बताया
इन दिनों फर्रुखाबाद और कायमगंज में काम चल रहा है। इसके बाद इसी माह
छिबरामऊ में टावरों पर उपकरण लगाने का काम पूरा कर दिया जाएगा। नए साल से
3जी सेवाएं मिलने लगेंगी।
ज्ञात हो कि जिला मुख्यालय में बीएसएनएल की 3जी
सेवाएं काफी पहले शुरू कर दी गई थी। पर, तकरीबन एक लाख की आबादी वाला यह
शहर उपेक्षित रहा। भाजयुमो के कानपुर क्षेत्र मंत्री विपिन द्विवेदी ने
इसके लिए पहल की और केंद्रीय दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद से मिलकर यहां
भी 3जी सेवाएं शुरू कराने की मांग की।
केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर
विभाग हरकत में आया और फिर आननफानन शहर को 3जी सेवा से लैस करने की कवायद
शुरू कर दी गई। उधर, टेलीफोन एक्सचेंज में 3जी सिमों की बिक्री जारी है।
इसका मूल्य केवल 59 रुपये है। नए सिम के लिए फार्म भरकर एक फोटो और पहचान
के लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस की फोटोकापी देनी
होगी।
जेटीओ ने बताया कि अब तक करीब 250 सिम जारी हो चुके हैं। साधारण सिम
पर भी 3जी रिचार्ज कराकर सेवाएं ली जा सकती हैं।