छिबरामऊ। नई पेंशन योजना लागू किए जाने का शिक्षकों ने विरोध किया। उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रभात दुबे के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीईओ डॉ. विमल तिवारी को सौंपा गया।
शुक्रवार को बीआरसी में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि नई पेंशन योजना स्वैच्छिक है, यह कर्मचारियों के हितों के विपरीत है। सभी शिक्षक लगातार पुरानी पेंशन लागू किए जाने की मांग कर रहे हैं तथा आंदोलनरत हैं। वित्त नियंत्रक बेसिक शिक्षा प्रयागराज लगातार पत्र जारी कर नई पेंशन योजना को स्वीकार करने का दबाव बना रहे हैं। नई पेंशन योजना को स्वीकार न करने पर इस माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
नई पेंशन योजना जबरदस्ती शिक्षकों पर थोपी गई तो शिक्षक आंदोलन को मजबूर होंगे। 18 जनवरी को वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय पर धरना देंगे। इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनूप मिश्रा, श्यामवीर सिंह, बृजेश यादव, सत्यप्रकाश, दलवीर सिंह, श्रीपाल वर्मा, दिवाकर त्रिपाठी, सत्येंद्र सिंह, मुइनुददीन, मुनीष गुप्ता, दीपक बाबू सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
हसेरन प्रतिनिधि के अनुसार शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विमल प्रताप सिंह, अजय कुमार, विनय कुमार त्रिपाठी सहित कई शिक्षकों ने बीआरसी पहुंचकर खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर अजय कुमार, विनय कुमार त्रिपाठी समेत विकास खंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।