सौरिख(कन्नौज)। कस्बे के तिर्वा रोड पर रहने वाले परिवार में नया ट्रैक्टर आने पर युवक ने खुशी में मिठाई बांटी। इसके बाद कमरे में जाकर कीटनाशक पी लिया। इससे मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया।
तिर्वा रोड निवासी राकेश गुप्ता का 24 वर्षीय पुत्र विकास गुप्ता सोमवार शाम नया ट्रैक्टर लेकर आया था। इस खुशी में मोहल्ले में मिठाई बांटी। इसके कुछ देर बाद वह बाहर घूमने चला गया। लौटने पर गुमसुम था। उसने घर के एक कमरे में जाकर कीटनाशक पी लिया। इससे मौत हो गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने फोन किया।
कॉल रिसीव न होने पर कमरे का दरवाजा खोलकर देखा। विकास जमीन पर पड़ा था। पास में ही कीटनाशक दवा की शीशी पड़ी थी। इससे परिजनों के होश उड़ गए। परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विकास के दो भाई और दो बहने हैं। पिता विकास के खुदकुशी की वजह नहीं बता सके।