कन्नौज। नाबालिग से जुड़े चर्चित दुष्कर्म कांड में आरोपी महिला को फिर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वह जमानत पर छूटकर आई थी। उसके खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ा।
मामला शहर के चौधरी चंदन सिंह महाविद्यालय से जुड़ा है। इस मामले में 11 अगस्त 2024 की रात कन्नौज पुलिस ने पूर्व सपा नेता नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार किया था जो तब से बांदा जेल में बंद हैं। इस मामले में पीड़िता की बुआ को साक्ष्य मिटाने के आरोप में पहले गिरफ्तार किया गया था लेकिन करीब चार महीने बाद उसे पॉक्सो कोर्ट से जमानत मिल गई थी। जमानत मिलने के बाद वह कोर्ट की किसी भी तारीख पर पेश नहीं हुई जिसके चलते पॉक्सो एक्ट कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया।
वारंट के आधार पर पुलिस ने 27 मार्च को महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जिला जेल अनौगी भेज दिया गया। सोमवार को महिला के अधिवक्ता ने जमानत याचिका दाखिल की। कोर्ट ने इस पर सुनवाई के लिए दो अप्रैल की तारीख तय की है। अधिवक्ता का कहना है कि महिला अस्वस्थ थी और उत्तराखंड में इलाज करा रही थी। जिस कारण वह कोर्ट में पेश नहीं हो सकी। जमानत अर्जी के साथ इलाज से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए हैं।