जीटी रोड पर पूर्वी बाईपास के निकट एक ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित रहा। लोगों की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया।
बुधवार की दोपहर नगर के पूर्वी बाईपास के निकट दिल्ली से पटना जा रहा एक ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया। एक तरफ नाला, तो दूसरी ओर दुकानें होने की वजह से वाहनों को निकलने की जगह नहीं मिली। थोड़ी देर बाद वहां भीषण जाम लग गया। भीषणगर्मी में रोडवेज बसों के फंसने से यात्री बिलबिला उठे। बस में बैठी सवारियों ने यूपी 100 डायल पर जाम की सूचना दी, जिस पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने चालक से ट्रक हटाने के लिए कहा, लेकिन लोड होने की वजह से ट्रक को नहीं हटाया जा सका। इसके बाद जेसीबी की मदद से ट्रक को साइड में लगाया गया। इस दौरान दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। जाम खुलने के बाद काफी देर तक यातायात सामान्य करने के लिए पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मालूम हो कि इससे पहले पश्चिमी बाईपास पर भी जाम लग गया था। वहां भी पुलिसकर्मियों ने काफी मेहनत कर जाम खुलवा पाया था। एसडीएम रामदास ने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए पुलिसकर्मियों को पूर्वी और पश्चिमी बाईपास पर तैनात किया जाएगा।