कन्नौज। यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। भाषण प्रतियोगिता में नम्रता तो क्विज प्रतियोगिता में मानसी ने बाजी मार ली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया और उन्हें यातायात के नियमों के बारे में बताया।
जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में सोमवार को शहर के रानी देवी इंटर कॉलेज में भाषण एवं क्विज समेत पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें जनपद के प्रमुख विद्यालयों इंदिरा देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज, अभिनव मॉडल इंटर कॉलेज, केकेसीएन इंटर कॉलेज, जेपी इंटर काॅलेज, एसबीएस इंटर काॅलेज, माया देवी इंटर कॉलेज, केके इंटर काॅलेज,के एस हायर सेकेंड्री स्कूल समेत पीवी इंटर कॉलेज के छात्र- छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
भाषण प्रतियोगिता में सरदार पटेल इंटर कॉलेज कचाटीपुर की छात्रा नम्रता कटियार ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी तो अभिनव मॉडल इंटर कॉलेज का छात्र रिषल कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि इंदिरा देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की तनु ने तृतीय स्थान पाया। इसी तरह क्विज प्रतियोगिता में अभिनव मॉडल इंटर कॉलेज की छात्रा मानसी यादव प्रथम रहीं और सरदार पटेल इंटर कॉलेज के छात्र प्रिंस दूसरे स्थान पर रहे, वहीं माया देवी इंटर कॉलेज की विभा गौतम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज का छात्र सदफ प्रथम तो इंदिरा देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की माया दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि अभिनव मॉडल इंटर कॉलेज की जान्हवी पाल ने तीसरा स्थान पाया, जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विजेता प्रतिभागियों की जमकर प्रशंसा की और उन्हें सम्मानित किया।