कन्नौज। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में तेजी आ गई है। कक्ष निरीक्षक बनाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से विद्यालयों के शिक्षकों का डाटा मांगा जा रहा है।
जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की जानी है। माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक बनाया जाएगा। इन कक्ष निरीक्षकों का डाटा माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर पूरे विवरण के साथ तत्काल अपलोड और अपडेट करना जरूरी है।
इसके अलावा परीक्षकों और कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इन कर्मियों को यूनिक आईडी व ड्यूटी कार्ड जारी करने के साथ पारिश्रमिक का भुगतान ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए बैंक विवरण भी उपलब्ध कराना होगा। डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि विद्यालयों के प्रधानाध्याकों को शिक्षकों का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।