राजाओं की नगरी कन्नौज की पुरातात्विक संपदा को
सहेजने, संवारने और पर्यटकों के दीदार के लिए बेहतरीन अंदाज में पेश करने
के लिए वर्ष 14 में तैयार किए गए छह करोड़ 15 लाख रुपये की लागत वाले ब्लू
प्रिंट को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। बेतरतीब और बेहाल अंदाज में पड़े
म्यूजियम के दिन आने वाले समय में बहुर जाएंगे।
बीते दिनों मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव के दखल के बाद इसके लिए प्रथम किश्त में तीन करोड़ रुपये की
धनराशि आवंटित कर शासनादेश जारी कर दिया गया है। ज्ञात हो कि डीएम की
अध्यक्षता में गठित कमेटी में शामिल पर्यटन, संस्कृति, आवास विभाग, भारतीय
पुरातत्व सर्वे व राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा नामित प्रतिनिधियों ने ब्लू
प्रिंट तैयार कराया था।
इसके बाद मुख्य सचिव ने नवनिर्मित राजकीय पुरातत्व
संग्रहालय कन्नौज का आधुनिकीकरण एवं उच्चीकरण करने के लिए शासन ने उत्तर
प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन को कार्यदायी संस्था बनाया था। यूपीपीसीएल ने
छह करोड़ 85 लाख 17 हजार रुपये का स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा था।
मूल्यांकन करने के बाद परीक्षण प्रायोजना रचना एवं मूल्यांकन विभाग ने लागत
घटाकर छह करोड़ 15 लाख रुपये निर्धारित की है। वित्तीय वर्ष 15-16 में
संस्कृति अनुभाग की ओर से उक्त लागत को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति
गवर्नर ने दे दी है। यह जानकारी देते हुए विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन
रामविशाल मिश्रा ने इस आशय का पत्र निदेशक उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय
को भेज दिया है।
उच्चीकरण और आधुनिकीकरण कार्य को पूर्ण कराने के लिए
प्रथम चरण में तीन करोड़ रुपये का बजट मिला है। म्यूजियम में लेजर शो, बाल
माउंटेन डिस्प्ले क्योक्स एवं शो केस, साउंड सिस्टम डेकोरेटिव स्टेज
परफ्यूम गैलरी, फाउंटेन हर्षवर्धन एवं ह्वेनसांग का स्टैच्यू स्थापित किया
जाएगा।
मेन गेट के सामने सम्राट हर्षवर्धन की विशायकाल प्रतिमा लगेगी, ताकि
म्यूजियम में एंट्री करते ही आगंतुक प्रतिमा का दीदार कर सकें। साइड में
चीनी यात्री ह्वेनसांग की मूर्ति स्थापित होगी। ब्लूप्रिंट के अनुसार
कानपुर-अलीगढ़ नेशनल हाईवे 91 किनारे स्थित इस म्यूजियम के भूतल पर
पुरावशेषों का प्रदर्शन होगा।
यहां एक सभा कक्ष का निर्माण होगा, जिसमें
लेजर शो एवं ध्वनि प्रकाश के माध्यम से कन्नौज के इतिहास को प्रदर्शित
किया जाएगा। प्रथम तल की वीथिकाओं में पुरातत्वीय संग्रहों के साथ इत्र की
गैलरी का प्रदर्शन होगा। द्वितीय तल पर 7,500 स्क्वायर फीट से लेकर 9,200
स्क्वायर फीट तक प्राचीन कन्नौज, गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक, मौखरि वंश,
सम्राट हर्षवर्धन, सम्राट मिहर भोज, राजा जयचंद्र, हाजी शरीफ, महाकवि घाघ,
स्वतंत्रता आंदोलन, परफ्यूम इंडस्ट्री व गंगा से संबंधित पेंटिंग्स और
फोटोग्राफ्स लगाए जाएंगे।