गुरसहायगंज। बहन की हत्या के मामले में जमानत पर छूटे आरोपी जीजा ने विवाहिता के पिता को मोबाइल पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी जसोदा के गांव बदलेपुर्वा निवासी विक्रम सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने बहन लक्ष्मी की हत्या कर दी थी। इसका विवाह सौरिख थाना क्षेत्र के गांव छतनेपुर निवासी शिवप्रताप के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति शिवप्रताप, ससुर उदयप्रताप, सास मंजू देवी, ननद साधना और सपना लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर सभी ने मिलकर उसकी बहन की हत्या कर दी थी।
घटना की रिपोर्ट हरदोई जिले के थाना मल्लावां में दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया था पर हाल ही में उच्च न्यायालय लखनऊ से शिवप्रताप को जमानत मिल गई। विक्रम सिंह का आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद शिवप्रताप ने 24 अक्तूबर की रात नौ बजकर तीन मिनट पर उनके पिता रामनारायन के मोबाइल फोन पर गालीगलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि धमकियों से परिवार भयभीत है और अप्रिय घटना हो सकती है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।