छिबरामऊ। गुरुवार को नगर में शुरू होने वाले अतिक्रमण अभियान से पहले नगर पालिका प्रशासन ने वीडियोग्राफी कराकर मुख्य मार्ग के अतिक्रमण को चिह्नित किया। साथ ही एनाउंसमेंट के माध्यम से स्वयं ही अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी दी।
मंगलवार दोपहर पालिका की टीम ने सौरिख तिराहे से लेकर पश्चिमी बाईपास तक फुटपाथ पर फैले दुकानदारों के अतिक्रमण को वीडियो में कैद करा लिया। साथ में चल रहे पालिका वाहन दुकानदारों को गुरुवार से पहले अतिक्रमण हटा लेने का एनाउंसमेंट कर रहे थे।
ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि नगर के मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या से निजात के लिए फुटपाथ को खाली कराया जाएगा। इस दौरान दुकानों के बाहर स्थायी अतिक्रमण को ध्वस्त करने के साथ ही अस्थायी अतिक्रमण को जब्त कर लिया जाएगा। साथ ही सब्जी मंडी व सौरिख तिराहे समेत जाम प्रभावित इलाकों में सीमांकन भी किया जाएगा। वीडियोग्राफी की एक काॅपी कोतवाली में जमा की जाएगी। अतिक्रमण अभियान के बाद कोई भी दोबारा फुटपाथ घेरता है तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जाम की समस्या के लिए अतिक्रमण के अलावा भारी संख्या में ई-रिक्शों का संचालन भी है। अतिक्रमण अभियान के बाद पथ विक्रेताओं व ई-रिक्शों का पंजीकरण कराया जाएगा। उसके बाद पथ विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन एवं ई-रिक्शा संचालन के लिए रूट निर्धारित किया जाएगा, जिससे जाम की समस्या पर अंकुश लगाया जा सके।