हीरालाल वीएन इंटर कॉलेज के पास मिठाई की दुकान का टूटा शटर।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के मुख्य मार्ग पर चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर दो दुकानों के शटर तोड़ दिए। हलवाई की दुकान में रखी गोलक से चोरों ने नगदी पार कर दी। चोरों ने स्टेट बैंक के पास स्थित परचून की दुकान का भी शटर तोड़ दिया। यहां घुस नहीं पाए।
नगर के हीरालाल वीएन इंटर कॉलेज चौराहे के पास मनोज कुमार पुत्र रामबहादुर निवासी मोहल्ला बजरिया मिठाई की दुकान किए हैं। गुरुवार की सायं वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में गश्त पर निकली पुलिस ने दुकान का शटर टूटा देखा तो मनोज को चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंचे मनोज ने दुकान के अंदर जाकर देखा तो गोलक में रखे 70 हजार रुपये गायब थे। मनोज के अनुसार नए साल पर केक व मिठाई बिक्री के रुपये गोलक में रखे थे। चोर इन्हें ले गए।
चोरों ने मुख्य मार्ग पर स्टेट बैंक के पास स्थित मोहल्ला बजरिया निवासी रमेश चंद्र पुत्र शंभूदयाल हलवाई की किराने की दुकान का शटर तोड़ दिया। शटर पूरी तरह से न खुलने से चोर दुकान के अंदर नहीं जा सके। इससे इनकी दुकान में बड़ा नुकसान होने से बच गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से चोरी की वारदात के संबंध में पूछताछ की। इस संबंध में कोतवाल शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच करवाई जा चुकी है।
पुलिस की सक्रियता से बची चोरी की घटना
रात में गश्त के दौरान पुलिस ने हीरालाल वीएन इंटर कॉलेज चौराहे पर स्थित मनोज की दुकान का शटर टूटा देख दुकान स्वामी को बुलवा लिया। इस संबंध में कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस की सक्रियता से चोरी की बड़ी वारदात बच गई। दूसरी किसी दुकान में कोई नुकसान नहीं हुआ है।