जीटी रोड पर सराय प्रयाग के पास औराई गांव के सामने हुआ हादसा।
कानपुर से छिबरामऊ आ रहे थे दोनों युवक, परिजनों में मचा कोहराम।
संवाद न्यूज एजेंसी
छिबरामऊ (कन्नौज)। जीटी रोड पर सराय प्रयाग के पास औराई गांव के सामने सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची हाईवे एंबुलेंस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से घायल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कानपुर के पनकी का रहने वाला वरुण अपने दोस्त अनिकेत (पुत्र अनिल पाल) के साथ बाइक से छिबरामऊ की ओर आ रहा था। रात करीब 11 बजे औराई गांव के सामने पहुंची, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वरुण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अनिकेत लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल 1033 हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों को आनन-फानन में सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद वरुण को मृत घोषित कर दिया और शव को मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद अनिकेत की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा के लिए रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक और घायल के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए। गुरसहायगंज कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही वाहन को ट्रेस कर लिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।