-अमोलर। दीवार बनाने के विवाद में 15 दिन पहले कुछ लोगों ने मां-बेटी से मारपीट थी। आखिरकार पुलिस ने मां-बेटी से मारपीट के मामले में शुक्रवार को चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तालग्राम के अमोलर चौकी के गांव सहियापुर निवासी देवेंद्र ने बताया कि 12 मार्च को शाम सात बजे पत्नी ऊषा देवी और पुत्री सरिता दरवाजे पर मवेशियों को चारा डाल रही थी। तभी गांव के कल्याण सिंह, पुत्र कुलदीप, कृष्णा और आलोक के साथ आए और दीवार बनाने लगे। पत्नी और बेटी ने विरोध किया तो गालीगलौज करते हुए लात-घूसों, डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शोर सुनकर गांव के लोग बचाने दौड़े तो जान से मारने की धमकी देकर आरोपी भाग गए। घायल पत्नी और बेटी को सीएचसी भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। दोनों की हालत में अब सुधार हो रहा है। थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच चौकी प्रभारी अमोलर राजेश कुमार रावत को सौंपी गई है।