कन्नौज। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछा दिया है। सदर कोतवाली क्षेत्र में 64 कैैमरे लगाने का प्लान तैयार किया है। इसमें 15 से अधिक कैमरों ने निगरानी करना शुरू भी कर दिया है। सर्वाधिक कैमरे संवेदनशील इलाकों में ही लगाए जाएंगे।
दरअसल, बीते महीने में लगातार हुई चोरी की वारदातों ने सदर कोतवाली पुलिस की नींद उड़ा रखी है। पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी न तो चोरी की वारदाते रुकीं न पुलिस घटनाओं का खुलासा कर पाई। अब पुलिस ने शहर की हर हरकत पर नजर रखनी शुरू कर दी है। सदर कोतवाली प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि 64 कैमरों की मदद से शहर के अलावा आसपास इलाकों की भी निगरानी होगी। शहर के लाखन तिराहा, मुन्ना चेयरमैन तिराहा, चिरैयागंज, फूलमती मंदिर, ग्वाल मैदान, नगर पालिका तिराहा, फर्श रोड, मकरंदनगर तिराहा, सिंह वाहिनी मंदिर तिराहा, पाल चौराहा, तिर्वा क्रासिंग, गौरी शंकर मंदिर, पत्थर चौराहा, मंडई मोहल्ला, गोल कुआ, अंधा मोड़, रेलवे स्टेशन रोड, हरदोई मोड़, मानीमऊ क्रासिंग, कानपुर वार्डर, नेरा टावर के पास, जलालपुर पनवारा पुलिस चौकी में कैमरे लगाने का प्लान है। पहले शहर के संवेदनशील इलाकों पर फोकस किया गया।
वहां पर कैमरे से निगरानी काम होने लगा है। इसका कंट्रोल रूम सदर कोतवाली में बनाया गया है। उन्होंने बताया कि कैमरों की मदद से आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा सकेगी।