फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: बंगाली सराफा कारीगर के घर भीड़ का धावा, चैनल तोड़ने की कोशिश

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। छिबरामऊ नगर में 40 वर्षों से रहकर सोने के आभूषण बनाने का काम कर रहे बंगाल के कारीगर के घर रविवार रात अचानक भीड़ पहुंचने से हड़कंप मच गया। आरोप है कि युवकों ने घर के बाहर हंगामा करते हुए चैनल तोड़ने की कोशिश की और कारीगर के साथ अभद्रता व मारपीट की। इतना ही नहीं, उसे मकान बेचकर नगर छोड़ने की धमकी दी। परिवार को डराने के लिए तमंचा दिखाने का भी आरोप लगाया गया है। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से फरार हो गए।
विज्ञापन


मोहल्ला बस्तीराम निवासी शेख जहांगीर अली मूलरूप से पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के झांगीपारा थाना क्षेत्र के अजुद्धा गांव के रहने वाले हैं। वह 40 वर्षों से छिबरामऊ में रहकर सोने के आभूषण बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके सभी जरूरी दस्तावेज भी नगर के इसी पते पर बने हैं। रात नौ बजे कई युवक उनके घर की गली में पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घर के दरवाजे पर लाते मारीं और उन्हें दूसरी जगह का निवासी बताते हुए नगर छोड़ने के लिए दबाव बनाया।
आरोपियों ने मकान बेचकर चले जाने की धमकी भी दी। उन्होंने आशंका जताई कि भीड़ में शामिल एक युवक के पास तमंचा था। इससे उनका परिवार दहशत में आ गया। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और फुटेज को संज्ञान लेते हुए आरोपी मोहल्ला कटरा निवासी अंशु वर्मा, हंसराज गुप्ता, मोहल्ला बजरिया निवासी विम्मी वर्मा, बंटी वर्मा व मोहल्ला हनुमान गढ़ी निवासी अंकित वर्मा को हिरासत में लेकर शांति भंग की आशंका के तहत कार्रवाई की है।
विज्ञापन


40 साल से यहीं रह रहा हूं
जहांगीर अली ने पुलिस को बताया कि एक बंगाली युवक से हुए विवाद के बाद नगर में रहने वाले बंगाली कारीगरों को निशाना बनाया जा रहा है। फोन पर भी धमकियां दी गईं और काम करने से रोकने का आरोप लगाया। डर के कारण वह कुछ दिनों से अपनी दुकान पर कारीगरी करने के बजाय घर में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

धमकियों के बाद तीन कारीगर लौटे बंगाल
जहांगीर अली ने बताया कि लगातार दबाव और धमकियों के कारण नांटू, लालतू और शफीक नाम के तीन कारीगर बंगाल वापस लौट चुके हैं। एक अन्य कारीगर अनूप भी वापस जाने की तैयारी में है। आरोप है कि उन्हें भी नगर छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है।


छह नामजद समेत आठ पर रिपोर्ट
जहांगीर अली की तहरीर पर पुलिस ने मुहल्ला कटरा निवासी अंशू वर्मा और हंसराज गुप्ता, बजरिया निवासी विम्मी वर्मा व बंटी वर्मा, हनुमानगढ़ी निवासी अंकित वर्मा, ढकुरैया निवासी गणेश तथा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने बलवा, मारपीट, धमकी समेत अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डायल 112 पर दी सूचना, एसपी से न्याय की गुहार
घटना के तुरंत बाद कारीगर ने डायल 112 पर सूचना देकर तत्काल सुरक्षा की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। वहीं, पीड़ित ने एसपी विनोद कुमार से भी संपर्क कर पूरे मामले से अवगत कराया है। पीड़ित परिवार ने जान-माल का खतरा जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार को पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है।

आभूषण में सोने की शुद्धता उजागर करने पर निशाने पर आया कारीगर
बंगाली कारीगर जहांगीर की माने तो एक युवक ने किसी सराफ के यहां से आभूषण खरीदे थे। उससे मिलने जुलने वाला होने के कारण कथित व्यक्ति ने सोने की शुद्धता के बारे में उससे जानकारी की थी। आभूषण में महज 60 प्रतिशत सोने होने की बात बता देने के बाद से वह सराफा व्यापारियों के निशाने पर आ गया। अन्य कारीगरों की तरह उसे भी डरा धमका कर भगाने के लिए षडयंत्र रचा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें