बसपा के वरिष्ठ नेता एवं एमएलसी नौशाद अली के भाई
तकदीर अली की फ्लोर मिल में मंगलवार को बिजली विभाग की टीम ने छापा मारा।
इस दौरान मीटर स्लो करके बिजली चोरी करने की आशंका जताते हुए टीम ने मीटर
सीज कर दिया। साथ ही कनेक्शन काट दिया और 10 हजार रुपये का समन शुल्क
वसूला।
उधर बसपा नेता के भाई ने कार्रवाई के सत्ता के इशारे पर होने की बात
कही है। बिजली विभाग के एक्सईएन पी.राम, एसडीओ वीरभद्र समेत अन्य
अफसरों की टीम ने मंगलवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मानपुर रोड
गोल कुंआ स्थित आयशा फ्लोर मिल में छापा मारा।
यह फ्लोर मील बसपा के वरिष्ठ
नेता एवं एमएलसी नौशाद अली के भाई तकदीर अली की है। छापेमारी के बाद एसडीओ
वीरभद्र ने बताया कि मीटर से छेड़खानी पाई जाने पर उसे सील कर दिया गया।
टेस्टिंग के लिए उसे लैब में भेजा जाएगा। फ्लोर मिल का बिजली कनेक्शन काट
दिया गया है। फ्लोर मिल में 500 किलो वाट का विद्युत कनेक्शन है।
उन्होंने
बताया कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट अधिशासी अभियंता को भेजी गई है। जब इस
संबंध में जानकारी के लिए अधिशासी अभियंता पी. राम के मोबाइल पर काल किया
गया तो उन्होंने रिसीव नहीं किया। उधर बसपा नेता के भाई तकदीर अली ने
छापेमारी की बात स्वीकार करते हुए कार्रवाई को सत्ता पक्ष के इशारे पर
बताया।
उन्होंने कहा कि बिजली चोरी का आरोप बेबुनियाद है। उनसे जबरिया समन
शुल्क वसूला गया। कुछ महीने पहले रिफाइनरी में छापा मारा था, लेकिन कुछ
साबित नहीं करा पाए। तकदीर अली ने कहा कि फ्लोर मिल में वह और उनके भाई
मुकद्दर अली पार्टनर हैं। इससे उनके एमएलसी भाई से कोई मतलब नही हैं।