छात्र नितिन के घर लगी महिलाओं की भीड़।
- फोटो : KANNAUJ
जलालाबाद(कन्नौज)। स्कूल जाते समय रास्ते से लापता हुए दोनों बच्चे कानपुर सेंट्रल पर टहलते मिले। दोनों बच्चों को साथी बाल आश्रय गृह में रखा गया है। जानकारी मिलने पर परिजन दोनों बच्चों को लेने के लिए कानपुर रवाना हो गए।
डिगसरा निवासी सिपाही लाल वर्मा का 13 वर्षीय पुत्र नितिन और गणेश प्रसाद का 12 वर्षीय पुत्र राहुल जलालाबाद स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा सात के छात्र हैं। सोमवार को स्कूल जाते समय दोनों लापता हो गए थे। सिपाही लाल की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। इससे पहले बुधवार को परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर जीटी रोड जाम कर हंगामा किया था। बुधवार को साथी बाल आश्रय गृह के मैनेजर नीरज अवस्थी ने परिजनों से फोन पर संपर्क कर इसकी जानकारी दी।
वीडियो काल करने के बाद परिजनों ने नितिन और राहुल से बात भी की। दोनों ने बताया कि घूमने के लिए बगैर किस को बताए ट्रेन से कानपुर पहुंच गए थे। मैनेजर नीरज अवस्थी ने बताया कि दोनों बच्चे सेंट्रल पर घूम रहे थे। टीम ने जीआरपी को सूचना दी थी। गुरुवार को बच्चे कागजी कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिए जाएंगे।
लापरवाही पर लाइन हाजिर हुए चौकी प्रभारी
कन्नौज। दोनों बच्चों के लापता होने की शिकायत पर भी जसोदा चौकी प्रभारी सुरेश ने परिजनों ने संपर्क नहीं किया था। बच्चों की तलाश के लिए कोई कदम नहीं उठाया था। परिजनों ने जाम लगाकर हंगामा किया था। बुधवार को एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने चौकी प्रभारी सुरेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह अमित पोरवाल को चौकी प्रभारी नियुक्त किया है।