कन्नौज। एक सप्ताह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ 11 वर्षीय बालक रचित बुधवार को सकुशल घर लौट आया है। बेटे की सुरक्षित वापसी से परिजनों में खुशी की लहर है। वहीं बच्चे की आपबीती सुनकर वे सन्न रह गए हैं। पुलिस ने मामले में दोस्त के पिता को हिरासत में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सदर कोतवाली के मकरंद नगर चौकी क्षेत्र के ग्राम कनपटियापुर निवासी सुनील कुशवाहा का 11 वर्षीय पुत्र रचित 25 दिसंबर 2025 को दोस्त के घर गया था। इसके बाद से लापता हो गया था। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
रचित ने बताया कि वह अपने दोस्त के घर गया था। वहां से लौटते समय दो युवक उसे आईफोन और मोटर वाली साइकिल का लालच देकर अपने साथ ले गए थे। उसे रायबरेली के एक कमरे में बंद कर दिया गया था। रचित ने मौका पाकर टॉयलेट जाने के बहाने चकमा दिया और स्टेशन पहुंच गया। वहां एक युवक की मदद से वह कन्नौज लौट सका। बच्चे की मां ने गांव की एक महिला पर बच्चों को अगवा कराने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बच्चे के परिजनों को सूचना न देने के मामले में दोस्त के पिता को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।