कन्नौज। संयुक्त जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच को लेकर चल रही समस्या के बीच शनिवार को मरीजों को राहत देने की तैयारी की गई है। अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संजय सैनी के अवकाश पर जाने से अल्ट्रासाउंड सेवा प्रभावित हो गई थी। मामला समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के संज्ञान में पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था लागू कर दी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय छिबरामऊ में तैनात सोनोलॉजिस्ट डॉ. महेश विश्वकर्मा को संयुक्त जिला अस्पताल कन्नौज में सेवाएं देने के लिए अधिकृत किया गया है। वह प्रत्येक सप्ताह मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अल्ट्रासाउंड जांच करेंगे।
जिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज अल्ट्रासाउंड जांच के लिए पहुंचते हैं। सेवा प्रभावित होने के कारण मरीजों को निजी केंद्रों पर खर्च करना पड़ रहा था, जबकि कई मामलों में दूसरे जिलों का सहारा लेना पड़ा। नई व्यवस्था से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि सप्ताह में केवल तीन दिन जांच होने से शेष दिनों में दबाव बना रह सकता है।
34 मेडिकोलीगल मामले हुए फर्रुखाबाद रेफर
रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने के दौरान अब तक 34 मेडिकोलीगल मामलों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए फर्रुखाबाद भेजा गया। इससे पीड़ितों और पुलिस को अतिरिक्त भागदौड़ करनी पड़ी।
मेडिकोलीगल जांच व्यवस्था रहेगी ठप
छिबरामऊ से तैनात किए गए विशेषज्ञ केवल सोनोलॉजिस्ट हैं जबकि जिला अस्पताल में अवकाश पर गए डॉ. संजय सैनी रेडियोलॉजिस्ट हैं। ऐसे में सामान्य अल्ट्रासाउंड जांच तो शुरू हो सकेगी लेकिन मेडिकोलीगल मामलों की जांच और रिपोर्टिंग का कार्य अभी भी प्रभावित रहेगा। ऐसे मामलों को फिलहाल दूसरे जनपद रेफर करने की व्यवस्था जारी रहने की संभावना है।
अब तक 600 से ज्यादा अल्ट्रासाउंड प्रभावित
जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 60 से 70 अल्ट्रासाउंड जांच होती हैं। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संजय सैनी के अवकाश पर जाने के बाद बीते दिनों में करीब 600 से अधिक अल्ट्रासाउंड प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं, पेट, किडनी और अन्य बीमारियों से जुड़े मरीजों को उठानी पड़ी। जांच न होने पर कई मरीजों को निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ा, जबकि कुछ को दूसरे जिलों में भटकना पड़ा।
वर्जन
डॉ. संजय सैनी के अवकाश पर होने के कारण जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड व्यवस्था प्रभावित हुई थी। मरीजों की सुविधा के लिए छिबरामऊ से सोनोलॉजिस्ट की ड्यूटी सप्ताह में तीन दिन लगाई गई है, जिससे जांच कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
-डॉ. विकास चंद्रा, सीएमओ