कन्नौज। पर्यटन आवास गृह स्थित निर्माणाधीन रोमा स्मारक का समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन स्मारक की प्रगति देखी । निर्माण धीमी गति से पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए काम में गति लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मई, 2024 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का समय निर्धारित किया गया है। समय से पहले ही निर्माण कार्य पूर्ण होना चाहिए। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। रोमा स्मारक सुंदर कार्य है और सुंदर ढंग से ही होना चाहिए, क्वालिटी पर विशेष ध्यान दिया जाए। निर्माणाधीन स्मारक में आने जाने का रास्ता, गेट व बाउंडीवाॅल तथा स्टेप व रैंप की व्यवस्था समुचित रूप से की जाए। वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी सही से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रोमा म्यूजियम से जुड़े पेशेवरों और शौकीन लोगों को यह एक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। जहां वे अपने विचार साझा कर सकेंगे और अलग-अलग संस्कृतियों को बढ़ावा मिल सकेगा। इसमें विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी हासिल करने और सहयोग बढ़ाने का अनोखा अवसर मिलेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि सोमवार तक पट चार्ट बनाकर दे और वीक वाइज प्रोजेक्ट प्लान बनाएं। उन्होंने रोमा स्मारक प्लान की फाइनल थ्रीडी बनाकर प्रस्तुत करने को कहा है। मंत्री ने कहा कि हजार वर्ष पहले जड़ों से बिखर कर दुनिया भर में निवास कर रहे रोमा या रोमानी समुदाय के सम्मान में स्मारक को सरकार पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रही है। वहां दुनिया भर से रोमा समुदाय के लोग समागम के लिए आ सकें। सरकार के इस प्रयास से रोमा समुदाय की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2018 में भारत सरकार ने विश्व रोमा दिवस मनाया, जिसका एक भाग कन्नौज में भी आयोजित किया गया। वर्तमान समय में यूरोप, अरब सहित अन्य देशों में करोड़ों की संख्या में रोमा समुदाय के लोग निवास कर रहे हैं। इसके बाद राज्यमंत्री ने एफएफडीसी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिए आवंटित भूमि का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने खेल के मैदान की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। साफ-सफाई व समतलीकरण कराकर क्रिकेट एक्टिविटी संचालित करने को कहा। इस दौरान डीएम शुभ्रांत शुक्ल, सीडीओ आदि मौजूद रहे।