कन्नौज। जिले के दौरे पर आईं प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने जब कलक्ट्रेट में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की तो उन्हें कई खामियां मिलीं। बिजली विभाग की शिकायतों और कार्य में लापरवाही मिलने पर उन्होंने अफसरों को फटकार लगाई और कार्यशैली में सुधार की चेतावनी दी।
प्रभारी मंत्री एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों की बिंदुवार समीक्षा की तो पता चला कि बिजली विभाग में वसूली कम हो रही है, जबकि खपत अधिक है। शासन के आदेश के अनुसार किसानों को पर्याप्त बिजली भी नहीं मिल रही है और अधिकारी आम जनता का फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझते हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्यशैली में सुधार की चेतावनी दी। इसके बाद उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था एवं महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने एसपी अमित कुमार आनंद को निर्देश दिए कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कठोर कार्रवाई करें और अपराधियों को जेल की सलाखों तक पहुंचाएं। बैठक में डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल, एडीएम आशीष कुमार सिंह, सीडीओ रामकृपाल चौधरी, सीएमओ डॉ. विनोद कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
मंत्री ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं
भाजपा कार्यालय पर प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। गंभीर मामलों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। भाजपा एक पार्टी नहीं बल्कि परिवार है, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। बैठक में पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, विधायक अर्चना पांडेय व कैलाश राजपूत सहित सभी कार्यकर्ता उपस्थित थे।