कन्नौज। जिले में चल रहे विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए प्रभारी मंत्री व राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विभाग ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने तिराहे, चौराहों व मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने की बात कही। इस मौके पर पांच किसान लाभार्थियों को मोटे अनाज की किट वितरित की गई। विश्वकर्मा श्रम सम्मान के तीन, ओडीओपी के तीन, एससी-एसटी सबप्लान के चार व ओबीसी प्रशिक्षण के एक समेत 11 लाभार्थियों को स्मार्ट फोन वितरित किया गया। इसके अलावा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत पांच लाभार्थियों को टूलकिट बांटी गई।
उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री व जिला प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी सोमवार को इत्रनगरी पहुंचीं। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि महिलाओं का उत्पीड़न किसी भी दशा में नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिराहे, चैराहे, मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाए। जिससे कोई भी घटना आती है तो तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की जाए। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने प्रभारी मंत्री को जानकारी देते हुए कहा कि पिछले साल की अपेक्षा इस साल अपराध, चोरी आदि के मामले कम हुए हैं। वांछित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने वृद्वावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन की विस्तृत जानकारी ली। निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर योजना का लाभ दिलाया जाए। तहसील, विकास खंडवार अभियान चलाकर इस कार्य को पूरा किया जाए। जिससे कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे। कहा कि सभी ग्राम सचिवालय क्रियाशील रहे। वहां पेंशन धारकों का ऑनलाइन फार्म भी सबमिट कराया जाए। कैंप के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। जिससे प्रत्येक पात्र लाभार्थी योजना का लाभ उठा सके। इस दौरान सांसद सुब्रत पाठक, जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, डीएम शुभ्रांत शुक्ला, सीडीओ आरएन सिंह, एडीएम आशीष सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गोशालाओं में साफ-सफाई व्यवस्था हो बेहतर
प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि गौशालाओं में सभी व्यवस्थाए समुचित रुप से उपलब्ध होना चाहिए। कोई भी गोवंश इधर-उधर घूमता नहीं दिखना चाहिए। सभी निराश्रित गौवंशों को गोशालाओं पर संरक्षित किया जाए। कहा कि गोशालाओं में हरे चारे की व्यवस्था, साफ-सफाई आदि पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पौधे लगाने के साथ उनकी देखरेख भी की जाए
राज्यमंत्री ने पौधारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि संबंधित विभागों को जो लक्ष्य आवंटित किए गए हैं उसी सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देख रेख भी की जाए। पौधे लगाना जरूरी है लेकिन उसे कैसे बचाए यह बहुत महत्वपूर्ण है।