विशुनगढ़। विशुनगढ़ से नवीगंज जाने वाले माइनर की पुलिया बीते पांच साल से क्षतिग्रस्त है। कभी भी हादसा घटित हो सकता है। नगर के लोग इसकी कई बार लिखित व मौखिक रूप से अफसरों से शिकायत दर्ज करा चुके हैं। इसके बाद भी अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।
पूर्व प्रधान सुधीर कुमार दुबे ने बताया कि वर्षों पहले सिंचाई के लिए नवीगंज से विशुनगढ़ तक माइनर का निर्माण कराया गया था। कस्बे में माइनर की पुलिया का निर्माण कराया था। समय के साथ ही यह पुलिया क्षतिग्रस्त होकर जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। पुलिया से किसी भी दिन बड़ा वाहन गुजरने से हादसा घटित हो सकता है। इसकी कई बार अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव के मनोज कुमार दुबे, भाजपा नेता डा. करन सिंह बंगाली, मुन्नू दुबे, नेता रामबख्श सिंह वर्मा, बालकराम कमल, सुदेश कुमार आदि ने डीएम राकेश कुमार मिश्रा से पुलिया निर्माण कराए जाने की मांग की है।