सदर कोतवाली क्षेत्र के मियागंज में पिछले एक महीने से वायरल का प्रकोप है। सौ लोग बुखार, जोड़ों के दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं। दो लोगों में डेंगू के लक्षण मिले हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मचारियों के नहीं पहुंचे से ग्रामीणों में रोष है। वहीं 45 दिन से गांव में साफ-सफाई भी नहीं हुई है जिससे गंदगी का अंबार लगा है। गांव मियागंज में करीब एक माह से संक्रमण फैला हुआ है। इससे करीब सौ लोग इसकी चपेट में हैं।
इससे लोगों को सर दर्द, तेज बुखार जैसी संक्रमण बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के सादान पुत्र अली अहमद व रिहान पुत्र अली अहमद कुरैशी में डेंगू जैसे लक्षण मिलने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मरीजों का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। गांव में डेंगू बीमारी फैलने की आशंका से दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण संक्रमण फैलने की मुख्य वजह गांव में गंदगी के लगे ढेर बता रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 45 दिनों से गांव में सफाई कर्मी नहीं आ रहा है। इससे गांव की गलियों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नालियों की सफाई न होने पर नालियां बजबजा रही हैं। सफाई लेकर कई बार प्रधान से शिकायत की गई है। लेकिन प्रधान सफाई कर्मी न आने की बात कहकर टाल देते हैं।
इससे गांव में चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे संक्रमण और भी तेजी से फैल रहा है। सीएमएस डा. सीपी सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में भर्ती डेंगू व वायरल फीवर के सभी मरीजों को बेहतर उपचार दिया जा रहा है। मरीजों को आराम करने की नसीहत दी जा रही है। कई मरीज ठीक होकर घर भी जा चुके हैं। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि बुखार आने पर वह जिला अस्पताल में पहुंचकर जांच कराएं।