मेडिकल कालेज में चादर हटवाते ही दिखा गद्दे का हाल, हुईं नाराज।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले में टीकाकरण और महिलाओं के मामले में प्रशासनिक सक्रियता देखने आईं राज्य महिला आयोग की सदस्य कुमुद श्रीवास्तव मेडिकल कालेज की व्यवस्थाओं से संतुष्ट नहीं दिखीं। बेड की सफेद चादर हटाने पर गद्दा क्षतिग्रस्त मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। जिला जेल, सीएचसी, पीएचसी में निरीक्षण के बाद अफसरों से कहा कि अभी गांवों में जागरुकता की अलख जगाने की जरूरत है। टीकाकरण को लेकर भ्रम सभी को मिलकर दूर करना होगा। उन्होंने शुक्रवार को जन्मीं बच्चियों की मां को किट देते हुए स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
राज्य महिला आयोग की सदस्य कुमुद श्रीवास्तव ने बताया कि यह दौरा मुख्य रूप से टीकाकरण की वस्तुस्थिति और जागरुकता के प्रयास आंकने के लिए है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिर्वा, मेडिकल कालेज तिर्वा, जिला अस्पताल कन्नौज, महिला चिकित्सालय विनोद दीक्षित अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद, वन स्टॉप सेंटर, कन्नौज व जिला जेल अनौगी का उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान रिमझिम बारिश होती रही। मेडिकल कालेज तिर्वा में महिला वार्ड में बेड पर डाले गए गद्दों की हालत खराब मिली। शौचालय में साफ-सफाई ठीक नहीं थी। परिसर में जगह-जगह दीवारों पर पीक के निशान देख उन्होंने नाराजगी जताई। सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह से कहा कि परिसर में मसाला खाकर थूकने वालों पर 500 रुपये जुर्माना वसूलें। अधिक से अधिक लोगों का कोविड टीकाकरण कराने पर जोर दिया। जिला अस्पताल की महिला विंग में बिना मास्क के घूमने वालों को जागरूक किया। कहा कि मास्क ही बचाव का अच्छा साधन है। बेटी-पढ़ाओ, बेटी-बचाओ योजना के अंतर्गत महिला विंग में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम केे अवसर पर शुक्रवार को जन्मीं कन्याओं को बेबी किट वितरित की। वन स्टाप सेंटर कन्नौज में स्टाफ के कार्यालय कक्ष में आराम फरमाते पाए जाने, साफ-सफाई न मिलने पर फटकार लगा दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी से कहा कि इस पर ध्यान दें।
जिला जेल अनौगी में वह महिला बैरक की हकीकत से रूबरू हुईं। जेल अधीक्षक ने बताया कि 52 महिला बंदी हैं। इस पर उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि अगर महिलाओं को कोई समस्या है तो उसे दूर किया जाए। सर्किट हाउस में जन सुनवाई करते हुए आयोग सदस्य ने कहा कि महिलाओं पर हो रहे अपराधों पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने दहेज उत्पीड़न के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर थाना प्रभारी गुरसहायगंज से आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। इस दौरान अधिकारी मौजूद रहे।