राजकीय मेडिकल कालेज को एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष की मान्यता मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया (एमसीआई) ने प्रदान कर दी है। अब जुलाई माह में सीपीएमटी व एआईपीएमटी के जरिए छात्रों के प्रवेश का रास्ता खुल गया है। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा के महानिदेशक (डीजीएमई) डा. वीएन त्रिपाठी ने शनिवार को मेडिकल कालेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीजीएमई शनिवार सुबह दस बजे मेडिकल कालेज पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले इमरजेंसी सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। यहां डाक्टर व स्टाफ नर्स ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। बाद में ओपीडी पहुंचकर डाक्टरों के केबिन में जाकर उनकी हाजिरी चेक किया। बाद में उन्होंने इंडोर सेवाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान कुछ वार्डो में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। जनरल वार्ड के निरीक्षण के दौरान दो स्थानों पर लगे वाटर कूलर व आरओ सिस्टम खराब मिलने पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसी दौरान मरीजों के अनुरोध पर उन्होंने करीब दो दर्जन से अधिक बच्चों का परीक्षण कर उन्हें दवाइयां लिखीं।
बाद में बताया कि एमसीआई ने मेडिकल कालेज को एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष की मान्यता प्रदान कर दी है। एमसीआई टीम ने गत 11 अप्रैल को मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया था। उन्होंने कहा कि इससे चतुर्थ वर्ष में प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है। इस दौरान प्रभारी सीएमएस डा.दिलीप सिंह, सर्जन आईए अंसारी, मैट्रन वीना त्रिपाठी मौजूद रहीं।
जुलाई में शुरू हो सकते हैं कार्डियोलाजी व कैंसर अस्पताल
जुलाई माह से मेडिकल कालेज कैंपस में बने ह्दय रोग संस्थान, कैंसर इंस्टीट्यूट में मरीजों का उपचार शुरू करने की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके लिए प्रदेश शासन को इन दोनों संस्थानों में डाक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती के लिए पत्र भेजा है। दोनों संस्थानों में उपकरणों की खरीद के लिए भी शासन से मंजूरी मांगी गई है। डीजीएमई ने बताया कि कैंसर इंस्टीट्यूट में चिकित्सक व पैरा मेडिकल के 42 पद व कार्डियोलाजी में 44 पद सृजित किए गए हैं। इन पर भर्ती के लिए 19 मई को लखनऊ में बैठक होगी।
पैरा मेडिकल कोर्स भी शुरू होने के आसार
सियापुर काछी गांव में करीब 225 करोड़ की लागत से बने राजकीय पैरा मेडिकल कालेज के लिए भी कुछ ट्रेडों में जुलाई माह से पढ़ाई की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। भवन अभी तक पूरा न होने के कारण इन ट्रेडों की पढ़ाई मेडिकल कालेज कैंपस में ही शुरू होगी।
डीजीएमई ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा पर पैरा मेडिकल कोर्स शुरू करने की व्यवस्थाएं चल रही है। इनमें आप्ट्रोमैट्री, एक्सरे टेक्नीशियन, ओटी टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन के कोर्स जुलाई माह से संचालित कर दिए जाएंगे। इन कोर्सो के संचालन के लिए प्रदेश शासन से अनुमति मांगी गई है। पैरा मेडिकल कालेज का भवन कंपलीट होने के बाद वर्ष 2016 की जुलाई से स्टाफ नर्सिंग कोर्स व फिजियोथेरेपी, फार्मेसी सहित अन्य कोर्स शुरू होंगे।