छिबरामऊ। प्रेमपुर चौकी क्षेत्र के करमुल्लापुर गांव में नेशनल हाईवे के किनारे स्थित पंचर जोड़ने व वाहनों में हवा भरने की दुकान में लगा एयर कंप्रेशर टैंक रविवार को फट गया। हादसे में मिस्त्री के पैर के चीथड़े उड़ गए। गंभीर हालत में अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
मोहल्ला बिरतिया निवासी इरशाद (25) की गांव के पास नेशनल हाईवे पर वाहनों के टायरों के पंचर जोड़ने व हवा भरने की दुकान है। रविवार शाम 4.30 बजे इरशाद जनरेटर चला कर एयर कंप्रेशर में हवा भर रहा था। तभी तेज धमाके के साथ एयर कंप्रेशर की टंकी फट गई और टैंक हवा में उड़ता हुआ दुकान से 20 मीटर दूर जा गिरा। दुकान में बैठे इरशाद के पैर के चीथड़े उड़ गए और शरीर पर भी कई जगहों पर गंभीर चोट आईं। उसकी दुकान भी पूरी तरह से ढह गई।
घटना के बाद दुकान के पास स्थित होटल में भगदड़ मच गई और सड़क के किनारे खड़े वाहनों को चालकों ने मौके से हटाना शुरू कर दिया। हादसे के बाद भाई शमशाद ने निजी वाहन से इरशाद को अस्पताल पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर मौजूद डाॅ. संतोष मिश्रा ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। इरशाद के परिजन सूचना पर अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक की सलाह पर इरशाद को लेकर कानपुर के लिए रवाना हो गए।