प्रेमपुर। शादी में दहेज कम मिलने का ताना देकर ससुरालियों ने विवाहिता के जेवर छीनकर उसे घर से निकाल दिया। वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी। विवाहिता ने ससुरालियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की है।
क्षेत्र के ग्राम घिलोई खास निवासी रीमा ने बताया कि तीन साल पहले अतुल कुमार से शादी हुई थी। शादी में पिता ने छह लाख रुपये नकद तथा घरेलू सामान दिया था। शादी के कुछ समय बाद पति, सास, देवर व ननद कम दहेज मिलने का ताना देकर उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। इसके बाद पति काम के लिए बाहर चले गए। पति फोन पर गाली-गलौज कर उसे छोड़ देने की धमकी देने लगे। तीन जुलाई को सास, देवर व ननद ने उसके साथ मारपीट कर सारा जेवर छीन लिया और पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया। घर वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी। विवाहिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद