छिबरामऊ। बाइक व एक लाख रुपये की नकदी की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने शादी के चार माह बाद ही विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़िता ने न्याय की आस में एसपी से गुहार लगाई है।
सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र की एक युवती ने बताया कि उसका विवाह अप्रैल 2022 में फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्दाबाद थाना अंतर्गत ग्राम जयसिंहपुर निवासी युवक के साथ हुई थी। ससुराल पहुंचते ही ससुरालीजनों ने बाइक व एक लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। अगस्त में इन लोगों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
महिला ने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने तथा जेठ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए बताया कि 12 अक्तूबर को यह दोनों उसके मायके आए और जान से मारने की धमकी दी। चौकी तथा कोतवाली में शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़ित महिला ने ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी को पत्र भेजा है। इस संबंध में सीओ दीपक दुबे ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।