छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के सौ शय्या अस्पताल को कायाकल्प अवार्ड मिलने से स्वास्थ्य महकमे में खुशी का माहौल है। राज्य स्तरीय कायाकल्प अवार्ड स्कीम के तहत उत्तर प्रदेश में 160 जिला स्तरीय चिकित्सालयों ने प्रतिभाग किया था। कुल 65 अस्पतालों को पुरस्कार मिला है। 96 फीसदी अंक प्राप्त कर सौ शय्या अस्पताल ने पहला पुरस्कार पाया है। पुरस्कार के तहत 30 लाख रुपये मिले हैं। पहला पुरस्कार पचास लाख रुपये का है। आपरेशन और डिलीवरी केस कम होने से 20 लाख रुपये काट लिए गए हैं।
नगर के सौ शय्या अस्पताल के सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि कायाकल्प टीम की चेक लिस्ट में जैविक कचरा प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, इंफ्रास्ट्रक्चर, साफ-सफाई, सपोर्ट सर्विसेस व हाईजीन प्रमोशन में अस्पताल को 96 अंक मिले हैं। कायाकल्प टीम ने नंबरों की सूची मिशन निदेशक को सौंप दी थी। चेक लिस्ट के मानकों का राज्य स्तरीय टीम ने परीक्षण किया था। इसके बाद प्रदेश में सौ शय्या अस्पताल को पहला स्थान दिया गया। योजना के तहत पहले स्थान वाले अस्पताल को पचास लाख रुपये की धनराशि मिलती है। सौ शय्या अस्पताल में मरीजों की कम संख्या को देखते हुए बीस लाख रुपये की धनराशि काट ली गई। अस्पताल को सिर्फ तीस लाख रुपये की धनराशि दी गई है। सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने स्वच्छ, स्वस्थ और सर्वत्र का नारा दिया है। इसी अवधारणा के साथ वह कार्य कर रहे हैं।
मंडल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिसड्डी
कानपुर। कायाकल्प अवार्ड योजना वर्ष 2018-19 में मंडल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फिसड्डी निकले। मंडल के किसी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पहला, दूसरा और तीसरा स्थान नहीं मिला। 70 फीसदी अंक पाने पर सरसौल, कल्याणपुर तथा जसवंतनगर सीएचसी को एक-एक लाख रुपये मिले हैं। योजना के तहत पहला स्थान पाने वाली सीएचसी को 15 लाख और दूसरे स्थान वाले को 10 लाख रुपये मिलते हैं। इसके अलावा ओडीएफ ब्लाक के वास्ते वर्ष 2018-19 में एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन के लिए सीएचसी पुखरायां को 10 लाख रुपये और कानपुर नगर को 7.75 लाख रुपये का सहयोग राज्य सरकार से प्रदान किया गया है।