मेडल व विजेता ट्राफी के साथ अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मनु पाल।
- फोटो : amarujala
छिबरामऊ। झारखंड की राजधानी रांची में खेली गई नेशनल लॉन बॉल चैंपियनशिप में यशभारती सम्मानित नगर की बेटी मनु पाल ने सिल्वर मेडल समेत दो कांस्य पदक जीते हैं। उसकी इस सफलता पर नगर के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मनु ने जिले का गौरव बढ़ाया है।
नगर के मोहल्ला सराफान नईबस्ती निवासी फौजी रामनरायन पाल की पुत्री मनु कुमारी पाल ने रांची से फोन कर बताया कि झारखंड में पांच से 11 फरवरी तक बॉलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित नेशनल लॉन बाल्स चैंपियनशिप में उसने तीन पदक जीते हैं। उन्होंने बताया कि लॉन बॉल की ग्रुप प्रतियोगिता में दिल्ली की ओर से खेलते हुए मनु ने सिल्वर पदक हासिल किया है।
वुमेन पेयर्स व वूमेन सिंगल में मनु कांस्य पदक हासिल हुआ है। मालूम हो कि लॉन बाल्स की अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मनु पाल कई देशों में खेल कर इस खेल में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उसने कामनवेल्थ गेम्स में भी प्रतिभाग किया था। फिलहाल दिल्ली की टीम का प्रतिनिधित्व कर रही मनु पाल इससे पूर्व रांची की टीम से खेलती थी। पिछले वर्ष प्रदेश सरकार ने मनु को यश भारती पुरस्कार से सम्मानित किया था।