जलालाबाद। मानसून की दस्तक से पहले कस्बे के सदर बाजार स्थित मुख्य नाले की सफाई अधूरी होने से स्थानीय दुकानदारों और लोगों की चिंता बढ़ गई है। आरोप है कि बरसात से पहले नाले की पूरी तरह सफाई नहीं कराई गई, जिससे बारिश शुरू होते ही जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कस्बे का अधिकांश बरसाती पानी सदर बाजार के मुख्य नाले से होकर बाबा के तालाब और फिर रामलीला मैदान स्थित तालाब तक पहुंचता है। ग्रामीणों की मांग पर जीटी रोड के पास 50 मीटर पक्के नाले का निर्माण तो करा दिया गया लेकिन शेष कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। शिकायतों के बाद जेसीबी से नाले के एक हिस्से की सफाई कराई गई, मगर बाजार क्षेत्र के पास नाले में अब भी कचरा, सिल्ट और गंदगी जमा है।
दुकानदारों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो पहली ही बरसात में नाला दोबारा भर जाएगा और पानी सड़क पर बहते हुए दुकानों तक पहुंच सकता है। फुटपाथ और सड़क किनारे व्यापार करने वाले दुकानदारों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। दुकानदार साजिद, वसीम, हुकुमचंद, इसरार और बिमलेश सक्सेना समेत अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल नाला सफाई कराने की मांग की है। प्रभारी बीडीओ दीपांकर आर्य का कहना है कि नाले की सफाई अधूरी होने की जानकारी नहीं है। बरसात से पहले सफाई कर्मचारियों को लगाकर नाले की पूरी सफाई कराई जाएगी।