मृतका के परिजनों से जानकारी लेतीं थानाध्यक्ष।
- फोटो : KANNAUJ
ठठिया(कन्नौज)। रहमतपुर गांव में बुधवार की रात संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव निवासी पूजा उर्फ सोनम पत्नी सुखवीर बुधवार की रात घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे पर लटकी मिलीं। ससुराल पक्ष के मुताबिक सुबह देर तक न दिखने पर फांसी लगा लेने का पता चला। शव को फंदे से उतारकर पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके पर पहुंचे मृतका के पिता सुरेंद्र कुमार (निवासी सुंदरपुर गजेंन, थाना रसूलाबाद, कानपुर देहात) ने बताया कि बेटी पूजा की शादी जून 2009 में की थी। शादी के बाद से उत्पीड़न किया जा रहा था। दहेज की समस्या को लेकर कई बार रिश्तेदारों के साथ पंचायत भी की गई। ससुरालियों ने बेटी की हत्या कर दी। शव फंदे पर लटका दिया। तभी उन्हें सूचना नहीं दी। मोहल्ले के लोगों से पता चला। पूजा के तीन बच्चे दिव्यांशु (11), दिव्यांशी (6), बउआ (3) हैं। इस मामले में अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।