कानपुर की तर्ज पर अब हाईटेक 23 लग्जरी गाड़ियां जिले में अपराध नियंत्रण के लिए दौड़ेगी। जीपीएस सिस्टम व दंगा निरोधक दस्ते से लैस यह गाड़ियां सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंचेगी। पुलिस अधिकारियों ने गाड़ियों के संचालन के लिए रणनीति तैयार की है। शासन ने जिले को नौ इनोवा और 14 बोलेरो दी है। इन कारों पर 24 घंटे पुलिस मुस्तैद रहेगी। पीड़ित जैसे ही 100 नंबर डायल कर पुलिस को घटना के बारे में जानकारी देगा।
वैसे ही घटना स्थल के पास क्षेत्र में खड़ी इनोवा कार पुलिस जवानों को लेकर घटनास्थल पर पहुंच जाएगी। वैसे तो 100 नंबर डायल करने पर कंट्रोल रूप लखनऊ से बात होगी। इसके बाद सूचना तत्काल घटनास्थल के निकट खड़ी गाड़ी पर सवार पुलिस जवानों की दी जाएगी। तत्काल कार घटना स्थल के लिए रवाना हो जाएगी। इसमें लगा जीपीएस सिस्टम कार की लोकेशन देता रहेगा। इससे पता चल सकेगा कि पुलिस घटना स्थल पर पहुंची या नहीं।
कार सवार पुलिस जवान घटना स्थल पर पहुंच जाने के बाद घटना के बारे में लोकेशन देगा और घटना किस तरह की है इसके बारे में भी जानकारी देगा। अधिक फोर्स की आवश्यकता होने तो संबंधित थाने की पुलिस भी घटना स्थल के लिए रवाना की जाएगी।