कन्नौज। होम डिलीवरी शुल्क और सेवा दरों में बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के बैनर तले जिले के एलपीजी वितरक बुधवार की शाम को सड़कों पर उतरे। तिर्वा क्रॉसिंग से शहीद स्थल सदर तहसील तक शांतिपूर्ण मोमबत्ती जुलूस निकालकर सरकार से होम डिलीवरी शुल्क और सेवा दरों में बढ़ोत्तरी पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वितरक और उनके सहयोगी शामिल हुए। जुलूस के दौरान सभी ने अनुशासन और संयम के साथ अपनी बात रखी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा कार्य में लगातार बढ़ती लागत को नजरंदाज कर अनदेखी की जा रही है। काफी प्रयासों के बाद भी इस पर विचार नहीं किया गया। अब आंदोलन ही अंतिम विकल्प बचा है। जब तक मांगे पूरी नहीं होती, शांतिपूर्ण आंदोलन चलता रहेगा। इस अवसर पर योगेंद्र सिंह भदौरिया, अनुराग दुबे, प्रवीन यादव, गिरंद सिंह शाक्य, नीतू दुबे, विशाल मिश्रा आदि मौजूद रहे।