आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। लॉकडाउन के दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलने वाले आम वाहनों पर रोक लगा दी गई है। अब वही वाहन एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे, जिनके पास जाने का कारण और प्रशासनिक अधिकारी की अनुमति होगी। बगैर अनुमति के किसी भी वाहन को नहीं चलने दिया जाएगा।
शासन ने लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर सभी दुकानों को बंद रखने के साथ लोगों को घरों पर ही रहने के निर्देश दिए हैं। बेवजह सड़क पर घूमने पर पाबंदी लगाई गई है। इसके बाद भी सूबे में कोरोना संक्रमितों की बढ़ रही संख्या को देखकर सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाहनों के चलने पर रोक लगा दी है। यह फैसला लखनऊ व आगरा में मिले कोरोना पीड़ित मरीजों की संख्या को देखकर लिया गया है। इससे कि कोई संक्रमित रोगी एक स्थान से दूसरे स्थान तक न पहुंच सके।
सरकार के फैसले के बाद उन्हीं वाहनों को एक्सप्रेसवे पर जाने दिया जा रहा जिनके पास प्रशासनिक अधिकारी की अनुमति है। वाहनों के आवागमन पर रोक लगने के बाद अब एक्सप्रेसवे पर सन्नाटा है। तिर्वा कोतवाली के फगुहा टोल प्लाजा के मैनेजर विक्की सिंह ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आम वाहनों के चलने पर रोक लगा दी गई है। उन्हीं वाहनों को अनुमति दी जाती है, जिनके पास एसडीएम, एडीएम और डीएम की अनुमति है।