नजरापुर (कन्नौज)। रोड के किनारे खड़े श्रमिक को तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। श्रमिक की मौके पर मौत हो गई। गांव के सामने हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने परिवार के लोगों के साथ शव रोड पर रखकर तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे कोतवाल से परिजनों ने फरार लोडर चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। मौके पर सपा नेता नवाब सिंह यादव भी पहुंच गए।
तिर्वा कोतवाली के गांव नजरापुर निवासी सतेंद्र कुमार (38) पुत्र सोनेलाल मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह गांव के बाहर तिर्वा-कन्नौज रोड के किनारे खड़े थे। तभी कन्नौज से तिर्वा की ओर जा रहे लोडर ने सतेंद्र को टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक लोडर लेकर भाग निकला। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने परिवार के लोगों के साथ शव को रोड पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी पर तिर्वा कोतवाल इंद्रपाल सरोज पहुंच गए। परिजनों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग की। काफी समझाने के बाद भी परिजन जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। बाद में सीओ विकास दुबे ने समझाया। इसके बाद भी परिजन हंगामा करते रहे।