तिर्वा क्रासिंग के निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह कोहरे के कारण एक लोडर विभाग द्वारा खुले छोड़े गए गड्ढे में गिर गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद उसे जेसीबी की मदद से निकाला गया। करीब डेढ़ वर्ष से चल रहे ओवरब्रिज निर्माण में कार्यदाई संस्था के अधिकारी की लापरवाही से पूर्व में कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद भी अभी तक कोई भी विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
निर्माणाधीन अपरगामी पुल के पोल के निर्माण के समय पानी का पाइप टूट जाने से पूरे रास्ते में जलभराव भरा रहता है। जिसके बारे में अभी तक कई बार स्थानीय दुकानदारों व रोजमर्रा के राहगीरों ने नाराजगी जाहिर की। इसके बावजूद भी विभाग अपनी मनमानी करने पर तुला हुआ है। उसी का नतीजा था कि निर्माण के बाद गड्ढे को खुला छोड़ दिया और रोज उससे सटी रोड से हजारों दोपहिया वाहन, चार पहिया वाहन निकलते है। गड्ढे के आसपास किसी भी तरह की कोई बैरीकेडिंग नहीं है।
कई दिनाें से पानी का पाइप टूटे होने के चलते उसमें पानी भर गया है। शनिवार सुबह कोहरे में साफ न दिखाई देने के कारण एक लोडर उसी गड्ढे में चला गया। किसी तरह ड्राइवर ने अपने आप को बाहर निकाला। कई घंटो फंसे रहने के बाद जेसीबी की मदद से उसे बाहर खींचा जा सका। अभी हाल में ही पिछले सप्ताह इसी गड्ढे में डीसीएम धंस गई थी। और पूर्व में कई बाइक चालक इसमें गिरकर गंभीर रूप से चुटहिल हो चुके हैं। लेकिन अधिकारी सबक लेने को तैयार नहीं है।