मकरंदापुर गांव के सामने रोड जाम करने को सड़क पर अवरोध डालते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर शनिवार को मकरंदापुर गांव के पास लोडर ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। जिससे वे लोग दूर जा गिरे। हादसे में महिला की मौत हो गई वहीं उसका पति की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की खबर पाकर पहुंचे ग्रामीणों ने रोड जाम कर नारेबाजी की। इस दौरान मौका पाकर लोडर चालक घटना स्थल से फरार हो गया। बाद में एसडीएम तिर्वा ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मढ़पुरा गांव के निवासी रामसहाय जाटव अपनी पत्नी सावित्री जाटव (50) को दवा दिलाने बाइक से मेडिकल कालेज जा रहे थे। तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग पर मकरंदापुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे लोडर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों लोग उछलकर दूसरी ओर जा गिरे । सावित्री ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि रामसहाय को भी काफी चोटें आई। दुर्घटना की सूचना जैसे ही मढ़पुरा गांव पहुंची। करीब आधा सैकड़ा लोग घटनास्थल पहुंच गए। लोडर चालक की गिरफ्तारी व मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तिर्वा-इंदरगढ़ मार्ग जाम कर दिया।
रोड जाम की सूचना पर इंदरगढ़ थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया पर ग्रामीण नहीं माने। भीड़ डीएम व एसपी को बुलाने की मांग कर रही थी। मौके पर पहुंचे तिर्वा एसडीएम राजेश कुमार यादव ने ग्रामीणों को 24 घंटे के अंदर लोडर चालक की गिरफ्तारी व शासन के माध्यम से जल्दी ही मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका। इसके बाद पुलिस ने जरूरी कार्रवाई कर अज्ञात लोडर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।