कन्नौज। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद के 78 परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी कर दी है। छात्र आवंटन सहित यह सूची ऑनलाइन निर्धारित की गई है। इस पर 28 अक्तूबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने बताया कि यह सूची कार्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा कर दी गई है। छात्र, अभिभावक और विद्यालय प्रबंधन इसका अवलोकन कर सकते हैं। यदि किसी विद्यालय संस्था, छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक को सूची, मानकों या छात्र आवंटन से संबंधित कोई शिकायत है। वे साक्ष्य सहित प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। यह प्रत्यावेदन केवल माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर ही स्वीकार होगा। ऑफलाइन प्रार्थना पत्र मान्य नहीं होगा। अंतिम तिथि के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों का निर्धारण बोर्ड द्वारा तय मानकों के आधार पर ऑनलाइन किया गया है। इसमें दूरी, संसाधन और क्षमता का विशेष ध्यान रखा गया है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सूची देखें और विसंगति होने पर समय रहते साक्ष्य सहित आपत्ति दर्ज कराएं।