समधन। विद्युत निगम के एसडीओ ने विद्युत उपकेंद्र का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी से नदारद मिले एक संविदा लाइनमैन का एक दिन का मानदेय काटने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्र के रामाश्रम स्थित विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को सिकंदरपुर विद्युत उपखंड अधिकारी संजय सिंह ने अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ रविंद्र कुमार से संविदा लाइनमैनों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। जांच के दौरान पता चला कि रायपुर फीडर पर तैनात संविदा लाइनमैन किशनपाल सिंह मोबाइल स्विच ऑफ कर ड्यूटी से नदारद है। इस पर एसडीओ संजय सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अवर अभियंता को नदारद लाइनमैन का एक दिन का मानदेय काटने के निर्देश दिए।
एसडीओ ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लाइनमैन अपनी ड्यूटी समय से और पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने उपकेंद्र पर तैनात सभी लाइनमैनों को निर्देश दिए कि बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं से वसूली तेज करें और राजस्व बढ़ाने पर जोर दें।उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए और फाल्ट आने पर तत्काल ठीक किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र के उपकरणों और लॉग बुक का भी अवलोकन किया गया।