फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झांकियों और झालरों से सजा चर्च

Thu, 25 Dec 2014 12:00 AM IST
अमर उजाला, ब्यूरो, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
सौरिख रोड के लायकपुर गांव में स्थित जिले के एकमात्र कैथोलिक चर्च में क्रिसमस की तैयारियां करीब पूरी हो चुकी हैं। चर्च में विभिन्न तरह की झांकियों के साथ रंगबिरंगी बिजली की झालरों से सजाया गया है। क्रिसमस पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए बुधवार को पूरे दिन तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
विज्ञापन


चर्च के फादर थामस के दिशा-निर्देश पर सिस्टर रिजी, सिस्टर एल्सा आदि ने परिसर के एक कार्नर पर प्रभु ईसा मसीह के जन्म की झांकियां सजाई। प्रवेश द्वार के पास क्रिसमस ट्री को रंगबिरंगी विद्युत झालरों से सजाया और चर्च की छत पर बड़े आकार का स्टार बनाकर टांगा गया है।

फादर थामस ने बताया बुधवार रात 11:30 से एक बजे तक विशेष प्रार्थना सभा होगी। इसके बाद 25 दिसंबर को सुबह सात बजे प्रार्थना सभा होगी और फिर क्रिसमस का जश्न, मुलाकात का सिलसिला शुरू होगा।
विज्ञापन


क्रिसमस पर बच्चों ने किया धमाल
जिंगल बेल-जिंगल बेल.. संगीत पर जब मंच पर सेंटा क्लाज आया तो उत्साहित बच्चों के शोर से विद्यालय परिसर गूंज उठा। बच्चों ने तालियां बजाकर सेंटा क्लाज का स्वागत किया। सिटी चिल्ड्रेंस एकेडमी में बुधवार को क्रिसमस डे मनाया गया। यहां बच्चों ने कैरोल सांग से ईसा मसीह के जन्म की याद दिलाई।

सांता क्लाज बने प्रियम गुप्ता की स्पेशल एंट्री ने माहौल में उत्साह भर दिया। टीचर प्रिसिला, कुंजमुल ने कैराल सांग प्रस्तुत किया। कक्षा छह, सात की छात्राओं ने समूह गान पर समां बांधा। सीनियर छात्रों के नाटक को सभी ने सराहा। दीपांकर लाल सेमसन ने गिटार पर अपनी शानदान प्रस्तुति दी।

छात्र अभिषेक नायर ने प्रभु यीशु के जन्म पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर संस्था की सुधा प्रधान ने कहा जीसस का जीवन चरित्र अनुकरणीय है। उन्होंने कहा माता-पिता भी ईश्वर का ही स्वरूप होते हैं। हमें उनकी आज्ञा का पालन करना चाहिए। निदेशक प्रदीप प्रधान ने कहा सभी धर्म हमें एकता, भाईचारे का संदेश देते हैं।

सभी त्यौहार हमें खुशी और सौहार्दपूर्ण परिवेश में रहने की शिक्षा देते हैं। इस मौके पर रमई दुबे, प्रदीप तिवारी, अमीर जितेंद्र नायक आदि मौजूद रहे।

यीशू ने दिया सेवाभाव का संदेश
सुप्रभाष अकादमी में ईसा मसीह के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अकादमी के प्रबंधक सुप्रभाष सक्सेना ने कहा कि आज के आर्थिक परिदृश्य में सेवा करना आसान नहीं है, लेकिन ईसा मसीह ऐसी शिक्षा दे गए। जिससे दुनिया के कोने-कोने में उनका सेवा अभियान सक्रिय है।

उन्होंने कहा 25 दिसंबर का दिन गौ-माता के वैश्विक महत्व को भी रेखांकित करता है, क्योंकि ईसा मसीह ने मां मरियम की कोख से गौशाला में ही जन्म लिया था। अनिल सक्सेना ने उनकी सेवा भावना पर बल दिया। इसके अलावा अलका गुप्ता, संदीप वर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।

सेंट जेवियर्स में क्रिसमस आज
नगर के सेंट जेवियर्स कान्वेंट में क्रिसमस का पर्व शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच 25 दिसंबर को मनाया जाएगा। डायरेक्टर सी.शेफर्ड व प्रबंधक रमेशचंद्र ने बताया कि इस दौरान केक काटकर खुशियां मनाई जाएंगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें