कन्नौज। जिले में खरीफ फसल के सीजन में किसानों को खाद लेने में पेरशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से गंभीरता बरती जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कृषि महकमे की टीम ने जिले की तीनों तहसील में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 26 दुकानों की जांच की गई। खाद बिक्री में नियमों की अनदेखी करने पर दो दुकानों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया और सात दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। सात जगह से सैंपल लिया गया है।
खाद कारोबारी नियमों की अनदेखी और कालाबाजारी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान की कड़ी में शुक्रवार को कृषि महकमे के अफसरों ने तीनों तहसील में एक साथ चेकिंग की। डीएम शुभ्रांत शुक्ल की ओर से गठित टीम के तहत छिबरामऊ तहसील में उपकृषि निदेशक प्रमोद सिरोही श्री प्रमोद सिरोही, जिला उद्यान अधिकारी सीपी अवस्थी ने जांच की। तिर्वा तहसील में जिला कृषि अधिकारी आवेश सिंह व अपर जिला कृषि अधिकारी ने जांच की। कन्नौज सदर तहसील में भूमि संरक्षण अधिकारी और उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी ने छापेमारी की। तीनों जगह कुल 26 दुकानों का निरीक्षण किया गया। डीएपी-एनपीके व जिंक के सात नमूने लिए गए। जिनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। छिबरामऊ में कटियार फर्टिलाइजर व जय गुरुदेव फर्टिलाइजर की दुकानों को अनियमितताओं के कारण निलंबित किया गया। इसके अलावा तिर्वा तहसील में अवस्थी खाद भंडार ठठिया, मुखिया खाद भंडार ठठिया, द्विवेदी खाल भंडार जनेरी को नोटिस जारी किया गया। इन सभी के यहां पोस मशीन में यूरिया अधिक दिख रही थी और मौके पर कम पाई गई। जांच करने के बाद अनियमितता पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
-
स्टॉक में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई
जिला कृषि अधिकारी आवेष सिंह ने बताया कि सभी उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पॉश मशीन में देखरेख स्टॉक के बराबर ही भौतिक रूप से दुकान में होना चाहिए। मशीन में ज्यादा दिखने पर जनपद को उर्वरकों की आपूर्ति में समस्या आती है, इसके अलावा सभी विक्रेता स्टॉक व रेट बोर्ड स्टॉक वितरण रजिस्टर से सभी अभिलेख अधिकतर रखें। कहा कि जिले में यूरिया एवं डीएपी एनपी के पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसानों की कोई समस्या होने पर तो मोबाइल नंबर 8272 89 3015 पर संपर्क कर सकते हैं।