तिर्वा। तहसीलदार के खिलाफ लेखपाल संघ ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया है। तहसील परिसर में लेखपालों ने धरना प्रदर्शन कर तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग उठाई। लेखपाल संघ ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने तक कार्य बहिष्कार कर विरोध जारी रखा जाएगा।
तहसील अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लेखपाल तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय के पास एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। लेखपाल संघ की ओर से पहली भी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई और स्थानांतरण की मांग की जा चुकी है। लेखपालों ने आरोप लगाया कि एक वर्ष पहले लेखपाल शिवरतन सिंह ने शाहनगर गांव में एक पट्टाधारक की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर राजस्व टीम के साथ पैमाइश कर कब्जा हटवाया था। इसके बाद जमीन पट्टाधारक को सौंप दी गई थी।
लेखपालों के मुताबिक, बाद में अवैध कब्जे का आरोप लगाने वाले युवक ने तहसीलदार अवनीश सिंह को प्रार्थना पत्र देकर मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की। तहसीलदार ने राजस्व टीम गठित कर दोबारा जांच कराई। जांच प्रक्रिया के दौरान कथित कब्जाधारी को जमीन के आंशिक हिस्से पर फिर से कब्जा दिला दिया गया। इसी मामले को लेकर संबंधित व्यक्ति ने लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्यायालय में याचिका दायर की थी। तहसीलदार की ओर से संबंधित लेखपाल के खिलाफ रिपोर्ट लगा दी गई, जिससे लेखपालों में आक्रोश फैल गया।
पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से राजस्व कर्मियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है लेखपाल संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।धरने में विवेक पाल, बृजेश अग्निहोत्री, अजीत दुबे, हृदयेश पांडेय, सद्दाम हुसैन, अनीश खान, आरती चौहान आदि मौजूद रहे।