ठठिया (कन्नौज)। तहसीलदार की सरकारी गाड़ी और गनर लेकर गैंगस्टरों की मदद के लिए मंगलवार को गए लेखपाल का दांव उल्टा पड़ गया। किसानों ने इसका वीडियो बना लिया और डीएम से शिकायत कर दी। डीएम ने इस बारे में तिर्वा तहसीलदार से स्पष्टीकरण तलब किया है। एसडीएम को जांच सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीड़ित ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश के बिना लेखपाल तहसीलदार की सरकारी गाड़ी लेकर दूसरे की जमीन पर कब्जा दिलाने गया था।
ठठिया थाना क्षेत्र के ग्राम नथुआपुर निवासी अमित कुमार द्विवेदी ने डीएम से शिकायत की कि ठठिया कस्बे में दो गैंगस्टर हैं, जो जमीन खरीद में फर्जीवाड़ा करते हैं। इस काम में क्षेत्रीय लेखपाल अर्पित कटियार से मिलीभगत है। अर्पित तिर्वा तहसीलदार की सरकारी गाड़ी और गनर लेकर गांव गया, उसके साथ दोनों गैंगस्टर भी थे। वह गैंगस्टरों को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाना चाहते थे। पट्टे की जमीन की पैमाइश और कब्जा दखल के लिए उच्चाधिकारियों का आदेश दिखाने की बात कही तो लेखपाल ने धमकाया। उसने आरोप लगाया कि लेखपाल उनका सहपाठी है, इसलिए वह मदद कर रहा है।
इस संबंध में लेखपाल अर्पित कटियार ने बताया कि पट्टाधारक मथुरा प्रसाद ने थाना समाधान दिवस में अमित कुमार द्विवेदी की शिकायत की थी कि वह पट्टे की जमीन और चकरोड पर कब्जा किए हैं। शिकायत की जांच के लिए वह तहसीलदार अवनीश कुमार के साथ मौके पर गए थे, वहां वे लोग बहस करने लगे। इसी बीच ने किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता है। इस संबंध में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि इस बारे में तहसीलदार तिर्वा से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। पूरे मामले की एसडीएम से जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।