कन्नौज। उमर्दा ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत करौदा शाहनगर में चरागाह की 80 बीघा भूमि पर गलत तरीके से पट्टे कर दिए गए। इन्हें निरस्त कराने के लिए प्रधान के नेतृत्व में सोमवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
प्रधान निहारिका शुक्ला के नेतृत्व में ग्रामीण राजेश कुमार, गुड्डू बाबू, राकेश कुमार, बृजेश कुमार, नीरज, अजय, दीपू, साजन समेत कई लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने बिना देखे समझे ग्राम पंचायत की चरागाह की 80 बीघा भूमि पर पट्टे कर दिए। इससे ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। पशुपालक परेशान हैं।
अपर जिलाधिकारी ने तहसीलदार तिर्वा को आदेश किए हैं कि वह चरागाह की भूमि को कब्जा मुक्त कराएं। आदेश के बाद भी तिर्वा तहसील प्रशासन लापरवाही बरत रहा है। कब्जा मुक्त कराने के लिए तहसीलदार तिर्वा ने पांच दिन का समय दिया था। 10 दिन बीत रहे हैं। न तो भूमि कब्जा मुक्त हुई, न ही कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इससे भूमि पर कब्जा करने वालों के हौसले बुलंद हैं।