छिबरामऊ। एसडीएम न्यायिक अविनाश गौतम द्वारा वकीलों पर दर्ज कराए गए मुकदमे के विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित वकीलों ने प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में नारेबाजी की। वकीलों के आक्रोश को देखते हुए तहसील के सभी न्यायालयों के कर्मचारी चले गए। तहसील में सन्नाटा पसरा रहा।
वकीलों ने मुंसिफी परिसर से तहसील परिसर तक प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी करते हुए पूरे परिसर में जुलूस निकाला। वकीलों का कहना था कि एसडीएम न्यायिक ने बार एसोसिएशन महासचिव ललित प्रताप सिंह, वकील सचिन शुक्ला सहित अज्ञात वकीलों पर जो मुकदमा दर्ज कराया है, वह फर्जी है। मुकदमा वापस नहीं हो जाता, तब तक सभी वकील न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसके बाद तहसील परिसर में टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद सिंह राठौर ने बताया कि जब तक मुकदमा वापस नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान रजनीश यादव, ओमप्रकाश शाक्य, दिनेश यादव, प्रणव सक्सेना, सुशील पांडेय, दिनेश सिंह, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।