कन्नौज। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि यूपी में कानून व्यवस्था बदहाल है। अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। जब तक मुख्यमंत्री इस कमजोरी को स्वीकार नहीं करेंगे तब तक कानून व्यवस्था नहीं सुधरेगी।
नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन सुनील गुप्त के घर में गुरुवार को तिलक समारोह में शामिल होने आए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कन्नौज ही नहीं, कानपुर, लखनऊ, नोएडा, आजमगढ़ आदि शहरों में महिलाएं व बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। बेटियों के शव सूटकेस में मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से भाजपा सरकार आई, महिलाएं असुरक्षित हैं। सरकार इसे स्वीकार नहीं कर रही, इसलिए अधिकारी मनमर्जी कर रहे हैं।
कन्नौज लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद डिंपल यादव को कन्नौज के बाद मैनपुरी से चुनाव लड़ाने के सवाल पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2024 में भी लोकसभा चुनाव है। आगे चलकर खुद ही कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि खाली बैठे हैं क्या करेंगे, उनका काम ही है चुनाव लड़ना है। चुनाव लड़ेंगे, जहां से पहला चुनाव लड़ा है, वहीं अगला भी चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने सदन में परफ्यूम की बात पर सीएम गोबर की बात करते हैं। नगर निकाय के चुनाव में प्रत्याशी आरक्षण के बाद तय करने की बात कही। कन्नौज में खनन और आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज होने के मामले में कहा कि अगर खनन हुआ है तो डीएम जानते होंगे और जिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, उनको डीएम बचा रहे हैं। इसमें कोई नई बात नहीं है। गलत तरीके से खनन के जिम्मेदार डीएम और खनन अधिकारी हैं। एसपी से समय-समय पर कानून व्यवस्था पर समीक्षा करनी चाहिए। पुलिस ने कार्रवाई की तो बीजेपी के लोग आरोपी को थाने से छुड़ा ले गए, तो डीएम कर क्या रहे हैं। इसका मतलब है कि डीएम पर भी दबाव है, उनको कुर्सी जाने का डर।
--------------
फोटो 13- सपा नेता सतीश गुप्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते पूर्व सीएम अखिलेश यादव। संवाद
सपा नेता को श्रद्घांजलि देकर परिजनों को दी सांत्वना
गुरसहायगंज। कस्बे के तिर्वा रोड निवासी पूर्व सपा नगर अध्यक्ष सतीश गुप्ता का बीते माह निधन हो गया था। वह लंबे समय से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता रहे और चार बार उन्हें नगर अध्यक्ष चुना गया। गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनके आवास पहुंचे। सपा नेेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्घांजलि दी। इसके बाद बेटे विजय गुप्ता, नाती मनी गुप्ता और पत्नी से मुलाकात कर सांत्वना दी। इस मौके पर विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, पूर्व नगर अध्यक्ष मुकीम खा, डॉक्टर रविदत्त यादव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अब्दुल सत्तार कुरेशी और पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष रामसेवक बाथम मौजूद रहे।