छिबरामऊ। कृषि उत्पादन मंडी समिति में मंडी सचिव की नाक की नीचे आढ़तियों ने जमीन को घेर लिया और टिन शेड व टट्टर आदि लगाकर दुकानें तैयार कर लीं। जानकारी होने पर एसडीएम ने कार्रवाई करते हुए 12 आढ़तियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में राजेश कुमार ट्रेडिंग कंपनी, निशांत राजपूत ट्रेडिंग कंपनी, विश्वास ट्रेडिंग कं, हरिभान सिंह ट्रेडर्स, कान्हा ट्रेडिंग कं, बृजेश राजपूत एण्ड संस, रामनिवास ट्रेडिंग कं, आकाश ट्रेडर्स, शिवा ट्रेडिंग कंपनी, विपिन कुमार आयुष कुमार ट्रेडिंग कंपनी, दीक्षा ट्रेडिंग कंपनी व शाहबाज ट्रेडिंग कंपनी को कारोबार करने के लिए लाइसेंस दिए गए थे। मंडी सचिव बृजभान ने बताया कि 11 व 12 जून की रात इन आढ़तियों ने कृषि उत्पादन मंडी समिति में खाली जमीन पर टीन शेड व बांस के टट्टर आदि लगाकर अवैध रूप से घेर लिया। मंडी सचिव की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अशोक कुमार ने इन आढ़तियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।